नीमच, 1 अक्टूबर 2026। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम एवं जिला कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय, नीमच द्वारा बुधवार को निःशुल्क वृद्धजन स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 174 मरीजों, जिनमें 131 वृद्धजन शामिल रहे, ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में सेवा संकल्प अभियान के तहत वृद्धजनों एवं अन्य मरीजों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, नेत्र, ईएनटी, मानसिक स्वास्थ्य एवं दंत संबंधी जांच की गई। इसके साथ ही आवश्यक अन्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया तथा मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। वृद्धजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर में फिजियोथेरेपी सेवाएं भी प्रदान की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा वृद्धजनों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद एवं सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. मनीष यादव तथा जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की मेडिकल टीम ने सेवाएं प्रदान कीं।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

