सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-10, यादव मंडी, नीमच सिटी में “आंगन मिलन सेवा” जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, शिक्षा एवं सम्मान के केंद्र के रूप में विकसित करना तथा महिलाओं एवं बच्चों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में सैक्टर सुपरवाइजर श्रीमती उमा शर्मा ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, स्वच्छ भारत अभियान, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्पॉन्सरशिप योजना एवं लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। वन स्टॉप सेंटर प्रशासक श्रीमती दीपिका नामदेव ने छोटे बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा कुपोषित बच्चों के लिए संतुलित एवं विविधतापूर्ण पोषण आहार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने पर्याप्त प्रोटीन युक्त आहार के साथ बच्चों के प्रारंभिक विकास पर भी प्रकाश डाला। वन स्टॉप सेंटर केसवर्कर सुश्री पूजा मिश्रा ने वन स्टॉप सेंटर द्वारा महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं पुलिस हेल्पलाइन 112 के संबंध में जानकारी देते हुए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों से बचाव के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में सैक्टर सुपरवाइजर श्रीमती उमा शर्मा, वन स्टॉप सेंटर प्रशासक श्रीमती दीपिका नामदेव, सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर श्रीमती चंदा साल्वी, केसवर्कर सुश्री पूजा मिश्रा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सरला परवाल, श्रीमती चंदा सुराह, सहायिकाएं, बालिकाएं एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

