होम राष्ट्रीय मध्यप्रदेश राजस्थान नीमच मंडी-भाव

पीएमएफएमई योजना से खरबूजा मगज प्रसंस्करण इकाई को मिला संबल

रिपोर्टर: mawafirstnews@gmail.com | 📅 September 18, 2026

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रमुख सचिव खनिज संसाधन विभाग श्री विवेक कुमार पोरवाल एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्र ने जावद विकासखंड के ग्राम मोरका स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत स्थापित ‘गोड कबीर गुरु ब्रांड’ खरबूजा मगज प्रसंस्करण इकाई का अवलोकन किया। इकाई के हितग्राही श्री अजय पंवार ने अधिकारियों को इकाई में खरबूजे के बीज की प्रोसेसिंग, सुखाने, मगज तैयार करने और पैकेजिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी। हितग्राही ने बताया कि इकाई के लिए खरबूजे के बीज की खरीद रामपुरा मंडी तथा स्थानीय कृषकों से की जाती है। उन्होंने बताया कि बीज लगभग 200 से 220 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा जाता है। अजय ने प्रमुख सचिव को बताया कि एक किलोग्राम खरबूजे के बीज के प्रसंस्करण से लगभग 20 प्रतिशत छिलका, 20 प्रतिशत रिजेक्ट माल तथा 60 प्रतिशत खरबूजा मगज प्राप्त होता है। उन्होंने अधिकारियों को बीज की प्रोसेसिंग के बाद मगज निकालने, उसे सुखाने, छंटाई करने तथा तैयार उत्पाद की पैकेजिंग की प्रक्रिया भी बताई। उन्होंने बताया कि तैयार खरबूजा मगज का विक्रय लगभग 415 से 420 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से किया जाता है। अजय ने बताया कि योजना के अंतर्गत इकाई की कुल परियोजना लागत 29.80 लाख रुपये है तथा 23.84 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ है। उन्होंने बताया कि इकाई के लिए 10 लाख रुपये की सब्सिडी भी प्राप्त हुई है। उन्होंने ने बताया कि वर्तमान में इकाई से चार लोगों को रोजगार मिल रहा है, जिनमें दो स्थाई और दो अस्थाई श्रमिक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इकाई का लगभग 2.50 लाख रुपये प्रतिमाह खर्च होता है, जबकि लगभग 2.90 लाख रुपये प्रतिमाह आय प्राप्त होती है। इस प्रकार लगभग 40 हजार रुपये प्रतिमाह शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी. एस. कलेस, एचडीएम जावद श्री संजीव साहू, उप संचालक उद्यानिकी विभाग श्री पप्पू कनेल, उप संचालक कृषि विभाग श्री नगीन सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

होम MP ई-पेपर RJ
मेन्यू