निर्वाचन साक्षरता क्लब की जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित नीमच, मनासा एवं जावद विधानसभा क्षेत्रों के चयनित 30 विद्यार्थियों ने लिया भाग नीमच, 18 नवंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार विद्यार्थियों में निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदाता जागरूकता के प्रति समझ विकसित करने के उद्देश्य से निर्वाचन साक्षरता क्लब के अंतर्गत निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय, नीमच के मार्गदर्शन में जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में 2 से 7 नवंबर 2026 तक निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो-दो विद्यार्थियों का चयन विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 14 नवंबर 2026 को किया गया। विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता के आधार पर जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों 228-मनासा, 229-नीमच एवं 230-जावद से 10-10 विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 17 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच में किया गया। प्रतियोगिता में तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 30 चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी प्रदान करने के साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों, मताधिकार के महत्व एवं मतदाता जागरूकता के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाना है।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

