**मंदसौर। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) मध्य प्रदेश यूनिट और मध्य प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अफीम और डोडाचूरा जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 अप्रैल 2026 को सीबीएन मध्य प्रदेश यूनिट को एक विशेष खुफिया सूचना मिली थी कि गंगाखेड़ी गांव का एक तस्कर अवैध रूप से अफीम और डोडाचूरा का भंडारण कर पंजाब के एक अन्य तस्कर को सप्लाई करने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर सीबीएन अधिकारियों ने तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई।
कार्रवाई के दौरान खेरखेड़ा और गंगाखेड़ी स्थित दो अलग-अलग गोदाम/बाड़ों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान सीतामऊ तहसील क्षेत्र में की गई तलाशी में कुल 35.420 किलोग्राम अफीम एवं 50.330 किलोग्राम डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ) बरामद किया गया।
जब्त मादक पदार्थों को एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए सील किया गया और एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूरे ऑपरेशन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय मंदसौर से भी सक्रिय सहयोग मिला।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है।**
