प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना मत्स्य क्षेत्र के विकास, मत्स्य पालकों एवं मछली व्यवसाय से जुड़े लोगों की आय बढ़ाने तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को विभिन्न मत्स्य गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता एवं अनुदान का प्रावधान है। इसी योजना का लाभ लेकर नीमच जिले के श्री मुबारिक हुसैन ने अपने वर्षों पुराने मछली व्यवसाय को विस्तार दिया है। श्री मुबारक हुसैन पिछले 10 से 15 वर्षों से मछली विक्रय व्यवसाय से जुड़े हैं। सीमित संसाधनों के कारण उन्हें व्यवसाय के विस्तार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत उन्हें 4 लाख रुपये की अनुदान सहायता प्राप्त हुई। इस सहायता से उन्होंने अपने मछली व्यवसाय को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाया। व्यवसाय का विस्तार होने से उनकी आमदनी में वृद्धि हुई और कारोबार का दायरा भी बढ़ा। श्री मुबारिक हुसैन बताते हैं कि योजना से मिली आर्थिक सहायता उनके लिए महत्वपूर्ण संबल साबित हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाएं छोटे व्यवसायियों और मत्स्य क्षेत्र से जुड़े लोगों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रही है।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

