Ad Ad
Ad Ad

संविधान दिवस पर जिले में विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों में हुए आयोजन

रिपोर्टर: mawafirstnews@gmail.com
📅 26 Nov 2026, 12:18 PM
शेयर करें ➦
W f X
संविधान दिवस पर जिले में विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों में हुए आयोजन

संविधान दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न शासकीय एवं शैक्षणिक संस्थानों में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, शपथ, विधिक जागरूकता कार्यशाला, व्याख्यान, प्रश्नोत्तरी एवं संवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक किया गया। पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में हुआ विकसित भारत युवा संवाद युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय), नीमच में विकसित भारत युवा संवाद आयोजित किया गया। जिला युवा अधिकारी श्री प्रवेश जैन के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘विकसित भारत हेतु नशामुक्त युवा’ रहा। इसमें 161 छात्र-छात्राओं एवं युवा प्रतिभाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या श्रीमती प्रभावती भावसार ने की। मुख्य अतिथि प्रख्यात चिकित्सक डॉ. कमलेश पाटीदार ने युवाओं को सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। इस अवसर पर युवा प्रतिभा यूथ आइकॉन तन्वी लखेरा ने विकसित भारत @2047 विषय पर विचार प्रस्तुत किए। अंडर-16 नेशनल गोल्ड एवं सिल्वर मेडलिस्ट पैरा तैराक भव्य आदित्य राठौर तथा भारतीय ‘ए’ टीम में चयनित नीमच के क्रिकेटर गौरांश पंचोली ने अपने अनुभव साझा कर युवाओं को प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि ज्ञानमंदिर लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विवेक नागर ने भारतीय संविधान के आदर्शों, मौलिक कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर आधारित जागरूकता वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया। अंत में संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर प्रतिभागियों ने संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। राधा देवी रामचंद्र मंगल महाविद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यशाला आयोजित संविधान दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा राधा देवी रामचंद्र मंगल महाविद्यालय, भाटखेड़ा में विशेष विधिक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। यह आयोजन मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यशाला में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री विशाल अखंड ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की मूल अवधारणा , महत्ता एवं संवैधानिक मूल्यों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान का नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि देश में बनने वालाj प्रत्येक कानून संविधान के अनुरूप होना आवश्यक है। जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार ने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने लोकतंत्र में मतदान के महत्व को बताते हुए जागरूक मतदाता बनने तथा अपने मताधिकार का स्वतंत्र एवं विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में श्री विशाल अखंड ने विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के डायरेक्टर श्री कुशाग्र मंगल, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। शासकीय महात्मा गांधी महाविद्यालय जावद में भी हुए आयोजन इसी क्रम में शासकीय महात्मा गांधी महाविद्यालय, जावद में भी संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. मेघवाल ने प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन करवाया तथा संविधान के प्रति निष्ठा एवं सम्मान की शपथ दिलाई। भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ, यूथ रेडक्रॉस एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में संयोजक डॉ. कविता शर्मा के मार्गदर्शन में विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की गईं। डॉ. कविता शर्मा ने भारतीय संविधान के महत्व एवं संवैधानिक मूल्यों पर व्याख्यान दिया। इस अवसर पर प्रश्नोत्तरी एवं संवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। संवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान लकी धंजा, द्वितीय स्थान सलोनी तथा तृतीय स्थान देविका नायक ने प्राप्त किया। संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का दिया संदेश जिले के विभिन्न संस्थानों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को संविधान की गरिमा, न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों तथा मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा जिम्मेदार नागरिक बनकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।

स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

आपको यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें ➦
W f X
शेयर करें ➦
W f X