सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रतनगढ़ में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में रतनगढ़ एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए 27 यूनिट रक्तदान किया। शिविर का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। प्रमुख खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्री मोहन मुजाल्दे ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और एक यूनिट रक्त जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है। रक्तदान करने वाले सभी दाताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिविर में संग्रहित रक्त को जिला चिकित्सालय नीमच के ब्लड बैंक भेजा जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को इसका लाभ मिल सके। शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद के नेतृत्व तथा मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रांकुर यादव एवं डॉ. जसीम के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य केन्द्र का स्टाफ एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

