Ad Ad
Ad Ad

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित

रिपोर्टर: mawafirstnews@gmail.com
📅 26 Sep 2026, 10:57 AM
शेयर करें ➦
W f X
सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित

सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत शनिवार को वार्ड क्रमांक-6, इंदिरा नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास का प्रभावी केंद्र बनाने के साथ ही समुदाय की सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के साथ उनके समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं बच्चों के साथ-साथ गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण की देखभाल में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। विधायक श्री परिहार ने कहा कि वर्ष 2047 के विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की नींव आज की पीढ़ी से तैयार हो रही है। बच्चों के जीवन के प्रारंभिक वर्षों में उनके स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा बेटियों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण तथा महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मातृशक्ति की सहभागिता बढ़ाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘आंगन मिलन सेवा’ के अंतर्गत तीन दिनों तक जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता से संबंधित गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले स्वच्छता पखवाड़े की भी जानकारी दी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने कहा कि राज्य शासन की मंशा है कि प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को बेहतर पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन के प्रथम छह वर्ष उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस अवधि में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण के साथ बच्चों की देखभाल, पोषण आहार एवं प्रारंभिक शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार, नाश्ता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है। कार्यक्रम को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा एवं जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आठ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा चार लाड़ली बालिकाओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात अतिथियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में पार्षद श्री धारासिंह यादव, श्रीमती किरण शर्मा , श्री मनीष धाकड़ जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता सहित जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण,सीडीपीओ, सुपरवाइजर,आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।

स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

आपको यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें ➦
W f X
शेयर करें ➦
W f X