मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 18 नवंबर को नीमच जिले की रामपुरा तहसील के ग्राम खिमला स्थित 1,920 मेगावाट क्षमता की निर्माणाधीन गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना के प्रस्तावित भ्रमण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने परियोजना परिसर, कार्यक्रम स्थल एवं हेलीपैड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान हेलीपैड पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं, ग्रीन रूम, टेंट, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, वायर फेंसिंग, पार्किंग तथा यातायात प्रबंधन का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने परियोजना के अपर रिजर्व एवं मिडिल रिजर्व क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर एवं एसपी ने ग्रीनको ग्रुप के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम के सुचारु आयोजन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, एसडीओपी श्रीमती सवेरा अंसारी सहित परियोजना के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

