मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को मनासा विकासखंड की नगर परिषद कुकड़ेश्वर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने आमजन की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा नागरिकों से प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करें। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा नागरिकों को शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए। अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे शासन की योजनाओं का लाभ – विधायक श्री मारू विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आमजन के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना तथा नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शिविर में अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें। प्राप्त आवेदनों को पोर्टल पर दर्ज कर उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाती है तथा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाता है। विधायक श्री मारू ने किसानों से खेती के साथ पशुपालन, जैविक खेती एवं अन्य स्वरोजगार गतिविधियां अपनाकर अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पशुपालन से दुग्ध उत्पादन के साथ जैविक खाद भी प्राप्त होती है। वहीं स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं मसाला प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग जैसे कार्यों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए किसान, युवा एवं महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्त होना आवश्यक है। आमजन के बीच पहुंचकर समस्याओं का निराकरण कर रहा प्रशासन – कलेक्टर श्री चंद्रा कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत पिछले तीन माह से जिले के विभिन्न जनपदों, ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का भी जायजा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता से निराकरण करने के लिए प्रतिबद्ध है। कलेक्टर ने स्वामित्व योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के क्रियान्वयन में नीमच जिला प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल है। जिले में अब तक लगभग 53 हजार रजिस्ट्रियां की जा चुकी हैं। दिसंबर माह तक ग्रामीण आबादी क्षेत्रों के पात्र भू-धारकों को रजिस्ट्री के माध्यम से मालिकाना हक प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। विभिन्न विभागों के स्टॉल पर नागरिकों को मिली शासकीय सेवाएं शिविर में राजस्व, खाद्य, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, नगरीय प्रशासन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई तथा आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में नामांतरण, सीमांकन, आयुष्मान कार्ड, ई-केवाईसी, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोक सेवा गारंटी एवं आंगनवाड़ी सेवाओं सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कर उनका निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हितग्राहियों को वितरित किए प्रमाण पत्र एवं हितलाभ शिविर में दो हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। एसएएम श्रेणी के बच्चों की माताओं सहित कुल छह हितग्राहियों को पोषण बास्केट प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त 11 हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए। नशामुक्ति की दिलाई गई शपथ कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला महेंद्र पटवा,पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, मनासा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरविंद डामोर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

