नीमच, 13 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को कुकड़ेश्वर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, जांच व्यवस्था एवं दवाइयों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता बनाए रखने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री चंद्रा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी, टीकाकरण कक्ष एवं प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मलेरिया की जांच कराने आए मरीज श्री नरसिंह से चर्चा कर उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने आशा कार्यकर्ता से टीकाकरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि सभी बच्चों एवं पात्र हितग्राहियों का निर्धारित समय पर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। प्रयोगशाला के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न जांचों की प्रक्रिया एवं जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध आवश्यक दवाइयों की स्थिति की जानकारी संकलित कर प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी न हो। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाएं एवं व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, सीएमएचओ डॉ. डी. प्रसाद, बीएमओ डॉ. संजीत अंसारी, एमओ डॉ. उमेश बसेर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

