मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 सितंबर को नीमच जिले के रामपुरा तहसील अंतर्गत खिमला पार्टीशन पहुंचकर चीता प्रोजेक्ट के तहत गांधी सागर अभयारण्य में निर्मित बाड़े में एक मादा चीता छोड़ने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से डीबीएल बस्सी हेलीपैड पहुंचेंगे और वहां से खिमला पार्टीशन के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, वनमंडलाधिकारी नीमच श्री एस.के. अटोदे एवं डीएफओ मंदसौर श्री संजय रायखेरे ने खिमला पार्टीशन एवं हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हेलीपैड स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन रूम, टेंट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। वहीं खिमला पार्टीशन में चीता रिलीज स्थल पर बाड़े की बैरिकेडिंग, वायर फेंसिंग, सुरक्षा व्यवस्था, मंच, ग्रीन रूम एवं पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियां देखी गईं। कलेक्टर श्री चंद्रा ने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं तत्परतापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, एसडीएम सुश्री किरण आंजना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)


