जिला कोषालय अधिकारी ने शुक्रवार को शासकीय चिकित्सालय नीमच का निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मरीजों से चर्चा कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी ली गई। आईसीयू में 14 तथा मेडिकल वार्ड में 12 मरीज उपचाररत मिले। सर्जिकल वार्ड के मरीजों ने नियमित चिकित्सकीय देखरेख तथा आवश्यक दवाइयां उपलब्ध होने की जानकारी दी। अन्नपूर्णा सेवा संस्थान की पहल के तहत मरीजों को विभिन्न आवश्यक सामग्री कुछ दिनों के लिए निःशुल्क तथा बाद में अत्यंत न्यूनतम दर पर उपलब्ध कराई जा रही है। मैटरनिटी वार्ड में एग्जॉस्ट एवं वेंटिलेशन व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। डस्टबिन के लिए निर्धारित कलर कोड के अनुसार बैग का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। टीबी कार्यालय में निर्धारित ओपीडी समय में मरीजों को दवाइयां वितरित होती मिलीं। निरीक्षण में डॉ. राजेंद्र देपोरिया सहित कुछ चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए, जबकि डॉ. पप्पू गुर्जर सीएल पर थे। अनुपस्थित चिकित्सकों के संबंध में स्पष्टीकरण लेकर नियमानुसार कार्रवाई की अनुशंसा की गई। चिकित्सालय परिसर में पार्किंग का टेंडर नहीं होने से यातायात व्यवस्था भी अव्यवस्थित मिली। पार्किंग व्यवस्था के लिए आवश्यक निविदा प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

