मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शनिवार को ग्राम भाटखेड़ी स्थित शासकीय हाई स्कूल एवं शासकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता परखी और शिक्षकों को शिक्षण कार्य की गुणवत्ता बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चौथी एवं पांचवीं के विद्यार्थियों से पहाड़े लिखवाकर उनकी दक्षता का आकलन किया। उन्होंने हाई स्कूल में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के बीच बैठकर गणित विषय में त्रिकोणमिति के अध्यापन का अवलोकन भी किया। कलेक्टर श्री चंद्रा ने विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाए जा रहे पाठों एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, मेहनत और लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने का लक्ष्य दिया। साथ ही शिक्षकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, एसडीएम सुश्री मयूरी जोक तथा शिक्षिका श्रीमती निर्मला खजुरिया एवं श्रीमती सुनीता वाधवा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

