नीमच, 18 अक्टूबर 2026। नवरात्रि पर्व के समापन पर दुर्गा माता की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में तीन स्थानों पर व्यवस्था की गई है। निर्धारित स्थलों पर 19 एवं 20 अक्टूबर को नगर पालिका के कर्मचारी तैनात रहेंगे, जो श्रद्धालुओं से प्रतिमाएं प्राप्त कर निर्धारित जलकुंड में विधिवत एवं सम्मानपूर्वक विसर्जन कराएंगे।नगर पालिका परिषद के कार्यालय अधीक्षक श्री कन्हैया लाल शर्मा ने बताया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए गोमाबाई रोड स्थित संजीवनी तालाब, जयसिंहपुरा रोड स्थित शिव घाट तथा बड़ी प्रतिमाओं एवं आसपास के क्षेत्र के लिए जाजू सागर बांध पर व्यवस्था की गई है।नगर पालिका ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दुर्गा माता की प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित स्थलों पर ही नगर पालिका के कर्मचारियों के माध्यम से कराएं। अन्य स्थानों पर स्वयं प्रतिमा विसर्जन करने से बचें तथा निर्धारित व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

