सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार अंतर्गत मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने शनिवार को जीरन में चारा विकास योजना से लाभान्वित पशुपालक श्री उमेश कुमार शर्मा के खेत एवं डेयरी का निरीक्षण किया। उन्होंने खेत में उत्पादित चारे, पशुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं तथा तापमान नियंत्रण के लिए विकसित सुविधाओं का अवलोकन किया। पशुपालक श्री शर्मा ने बताया कि चारा विकास योजना के तहत लगाए गए चारा फसल से वर्ष में लगभग छह बार चारा प्राप्त हो रहा है तथा एक वर्ष में करीब 100 क्विंटल तक चारा उत्पादन किया जा रहा है। इससे पशुओं के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध होने के साथ पशुपालन की लागत कम करने में भी मदद मिल रही है। श्री शर्मा ने बताया कि उन्होंने दो गायों से पशुपालन व्यवसाय की शुरुआत की थी। वर्तमान में उनके पास 19 एचएफ नस्ल की गायें हैं , जिनसे प्रतिदिन करीब 100 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। दुग्ध व्यवसाय से उन्हें लगभग 1.50 लाख रुपये प्रतिमाह की आय प्राप्त हो रही है। उन्होंने बताया कि चारा उत्पादन की सुविधा से डेयरी संचालन में सहूलियत हुई है और पशुओं के लिए वर्षभर चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।श्री वैष्णव ने पशुपालक द्वारा विकसित अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। इस अवसर पर उप संचालक पशुपालन विभाग श्री ए.आर.धाकड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

