मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को मनासा तहसील के कुकड़ेश्वर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों को वितरित किए जा रहे टेक होम राशन की गुणवत्ता की जांच की। पोषण आहार निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित वैभव लक्ष्मी स्व-सहायता समूह के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे आंगनवाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में भोजन तैयार करने के कार्य से हटाने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित समूह को नोटिस जारी करने और गुणवत्ताहीन पोषण आहार के एवज में भुगतान रोकने के निर्देश भी दिए।कलेक्टर श्री चंद्रा ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में बच्चों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखने और लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।बच्चों के बीच बैठकर जानी शैक्षणिक प्रगतिनिरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बच्चों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों की वर्कबुक का अवलोकन किया और हिंदी एवं गणित के सवाल हल करवाकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे तथा उनकी सीखने और समझने की क्षमता का आकलन किया।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री आरिफ अंसारी, सीडीपीओ श्रीमती दीपमाला चौधरी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती नीतू ओझा, सहायिका श्रीमती राधा माली सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

