नीमच में वन स्टॉप सेंटर सखी की सराहनीय पहल: भटकी महिला को सुरक्षित परिजनों से मिलाया 1

नीमच में वन स्टॉप सेंटर सखी की सराहनीय पहल: भटकी महिला को सुरक्षित परिजनों से मिलाया
नीमच वन स्टॉप सेंटर सखी की बड़ी सफलता। ऑपरेशन के बाद स्मृति खो चुकी महिला को पुलिस व सखी टीम ने सुरक्षित आश्रय देकर परिजनों से मिलाया।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं अपर कलेक्टर (एडीएम) श्री बी.एस. कलेश के निर्देशन में भारत सरकार द्वारा स्वीकृत वन स्टॉप सेंटर (सखी) नीमच का संचालन निरंतर महिला सुरक्षा, सम्मान और पुनर्वास के उद्देश्य के साथ किया जा रहा है। यह केंद्र संकटग्रस्त महिलाओं को त्वरित सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हाल ही में वन स्टॉप सेंटर सखी नीमच ने एक मानवीय और संवेदनशील मामले में सराहनीय कार्य करते हुए एक गुमशुदा महिला को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों से मिलाकर अपने उद्देश्य को सार्थक सिद्ध किया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला (परिवर्तित नाम) मनीषा को विवाह के लगभग 15 वर्ष पश्चात संतान की प्राप्ति हुई थी। प्रसव के दौरान महिला के मस्तिष्क की एक नस दब जाने के कारण गंभीर स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे उसके मस्तिष्क में रक्त का थक्का जम गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा महिला के सिर का ऑपरेशन कर ट्यूमर को निकाला गया।
ऑपरेशन के पश्चात महिला की मानसिक स्थिति पर गहरा प्रभाव पड़ा और उसकी स्मरण शक्ति कमजोर हो गई। वह चीज़ें, स्थान और व्यक्तियों को पहचानने में असमर्थ हो गई थी। उपचार एवं नियमित चेकअप के लिए महिला के पति (परिवर्तित नाम) हरीश उसे अहमदाबाद लेकर गए। चिकित्सकीय जांच के बाद जब दोनों अहमदाबाद से मंदसौर लौट रहे थे, तभी यात्रा के दौरान एक होटल पर शौच के लिए बस से उतरते समय महिला अपने पति से बिछड़ गई।

अंधेरा होने के कारण महिला गलत दिशा में चली गई और अपनी कमजोर स्मरण शक्ति के कारण वापस बस या अपने पति तक नहीं पहुंच सकी। इस तरह वह पूरी तरह गुमशुदा हो गई। पति हरीश और उनके परिजनों द्वारा महिला की लगातार तलाश की गई, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने महिला के गुमशुदा होने की सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की और पुलिस थाना मंदसौर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसी दौरान महिला मनीषा भटकते हुए नीमच शहर पहुंच गई, जहां वह असहाय अवस्था में पुलिस प्रशासन को मिली। महिला की मानसिक एवं शारीरिक स्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की गई और उसे तत्काल वन स्टॉप सेंटर सखी नीमच के अस्थायी आश्रय गृह में सुरक्षित रूप से रखा गया।
वन स्टॉप सेंटर सखी नीमच के माध्यम से महिला को बहुआयामी सहायता प्रदान की गई, जिसमें परामर्श सहायता, सुरक्षित आश्रय, पुलिस सहयोग तथा चिकित्सकीय सहायता शामिल रही। केंद्र के काउंसलर द्वारा महिला से घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन महिला अपनी स्मृति कमजोर होने के कारण कोई स्पष्ट विवरण देने में असमर्थ रही।
इसके पश्चात वन स्टॉप सेंटर सखी की प्रभारी प्रशासक श्रीमती दिपिका नामदेव, उनकी टीम एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से महिला की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई। सोशल मीडिया, पुलिस रिकॉर्ड और अन्य माध्यमों के माध्यम से जांच करते हुए अंततः महिला के परिवार से संपर्क स्थापित किया गया। परिजनों को महिला के सुरक्षित होने की सूचना दी गई और उन्हें नीमच बुलाया गया।

अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश के आदेशानुसार महिला मनीषा को केंट पुलिस नीमच के सुपुर्द किया गया, ताकि विधिवत प्रक्रिया के अंतर्गत परिजनों द्वारा पहचान सुनिश्चित की जा सके। महिला के भाई राहुल द्वारा शिनाख्त किए जाने के पश्चात मनीषा को सुरक्षित रूप से उसके भाई के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने महिला को सुरक्षित पाए जाने पर राहत की सांस ली और प्रशासन, पुलिस तथा वन स्टॉप सेंटर सखी की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह पूरा घटनाक्रम महिला सुरक्षा एवं संरक्षण के क्षेत्र में प्रशासनिक समन्वय और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है। वन स्टॉप सेंटर सखी नीमच ने यह सिद्ध किया है कि संकटग्रस्त महिलाओं को एक ही स्थान पर समस्त आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन की ओर पुनः लौटाया जा सकता है।
वन स्टॉप सेंटर सखी का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना ही नहीं, बल्कि महिला को सुरक्षित वातावरण, कानूनी मार्गदर्शन, चिकित्सकीय देखभाल और मानसिक संबल प्रदान कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस प्रकरण में सखी केंद्र ने महिला की सुरक्षा, गरिमा और पुनर्वास को प्राथमिकता देते हुए एक अनुकरणीय कार्य किया है, जो अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
Malwa First News
#नीमच में वन स्टॉप सेंटर सखी, #नीमच में वन स्टॉप सेंटर सखी , #नीमच में वन स्टॉप सेंटर सखी , #नीमच में वन स्टॉप सेंटर सखी , #नीमच में वन स्टॉप सेंटर सखी , #नीमच में वन स्टॉप सेंटर सखी , #नीमच में वन स्टॉप सेंटर सखी ,





