बघाना थाना क्षेत्र में सरपंच की गुंडागर्दी से सनसनी, उद्योगपति अनिल नाहटा के बेटे पर पर जानलेवा हमला, NDPS एक्ट का फरार आरोपी भी है विक्रम सिंह

बघाना थाना क्षेत्र में सरपंच की गुंडागर्दी से सनसनी, उद्योगपति अनिल नाहटा के बेटे पर पर जानलेवा हमला, NDPS एक्ट का फरार आरोपी भी है विक्रम सिंह

नीमच। बघाना थाना क्षेत्र के ग्राम बामनबर्डी में सरपंच विक्रम सिंह की खुली गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सरपंच विक्रम सिंह ने बुधवार को अपने साथियों के साथ एक उद्योगपति की फैक्ट्री में घुसकर जमकर तोड़फोड़, लूटपाट और जानलेवा हमला किया।

बताया जा रहा है कि सरपंच विक्रम सिंह नयागांव चौकी के NDPS एक्ट का फरार आरोपी भी है। जिले के बड़े उद्योगपति अनिल नाहटा ने सरपंच विक्रम सिंह के खिलाफ बघाना थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
फैक्ट्री में तोड़फोड़ और जानलेवा हमला
उद्योगपति नाहटा के अनुसार, बुधवार को सरपंच विक्रम सिंह अपने 5 से 7 गुंडों के साथ उनकी फैक्ट्री ‘ओसवाल इथेनॉल’ में घुस आया। सभी शराब के नशे में धुत थे और आते ही फैक्ट्री में उत्पात मचाने लगे। मशीनों और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया गया। इसी दौरान गुंडों ने उद्यमी के बेटे रोहित नाहटा पर भी जानलेवा हमला कर दिया। गनीमत रही कि उसने किसी तरह अपनी जान बचाई।
‘हफ्ता वसूली’ चलाने का आरोप
अनिल नाहटा ने सरपंच विक्रम सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका उद्देश्य क्षेत्र में ‘हफ्ता वसूली’ (रंगदारी) का आतंक फैलाना है ताकि कोई भी उद्योगपति शांति से व्यवसाय न कर सके। उन्होंने कहा कि सरपंच की खुली गुंडागर्दी के कारण उद्योग जगत में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
पुलिस जांच में जुटी
बघाना थाना पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी सरपंच विक्रम सिंह के खिलाफ पूर्व में भी कई प्रकरण दर्ज हैं और वह NDPS एक्ट के मामले में फरार चल रहा है।





