Ad Ad
Ad Ad

नीमच कृषि उपज मंडी को आधुनिक एवं आदर्श मंडी के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना बनाएं – सचिव श्री निशांत वरवड़े

रिपोर्टर: mawafirstnews@gmail.com
📅 20 Nov 2026, 12:09 PM
शेयर करें ➦
W f X
नीमच कृषि उपज मंडी को आधुनिक एवं आदर्श मंडी के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना बनाएं – सचिव श्री निशांत वरवड़े

किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के सचिव श्री निशांत वरवड़े एवं मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री राघवेंद्र सिंह ने आज प्रातः नीमच स्थित औषधि मंडी एवं कृषि उपज मंडी चंगेरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में विभिन्न कृषि एवं औषधीय फसलों की आवक, बिक्री, नीलामी प्रक्रिया तथा किसानों और व्यापारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंडी में उपस्थित किसानों एवं व्यापारियों से चर्चा कर उनके अनुभव और सुझाव भी प्राप्त किए। औषधीय एवं अन्य फसलों की नीलामी प्रक्रिया समझी अधिकारियों ने मंडी में बिक्री के लिए लाई गई अश्वगंधा, चिया सीड्स, ढैंचा, सूरजमुखी बीज, अरंडी सहित विभिन्न औषधीय एवं कृषि उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों द्वारा उपज मंडी में लाने से लेकर उसकी बिक्री और नीलामी तक की प्रक्रिया को समझा। किसानों एवं व्यापारियों से चर्चा के दौरान बताया गया कि मंडी में प्रतिस्पर्धात्मक बोली प्रक्रिया के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का अच्छा मूल्य प्राप्त हो रहा है। नीमच मंडी में राजस्थान के झालावाड़, धार सहित अन्य जिलों तथा महाराष्ट्र से भी विभिन्न कृषि एवं औषधीय फसलें बिक्री के लिए लाई जाती हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंडी परिसर में स्थित क्लीनिंग, ग्रेडिंग एवं सोर्टिंग मशीन का भी अवलोकन किया तथा उसमें प्रक्रिया को देखा एवं समझा।इस दौरान किसानों ने मंडी परिसर में विश्रामगृह एवं कैंटीन की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का सुझाव दिया। नीमच मंडी को आधुनिक एवं मॉडल मंडी के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश कृषि उपज मंडी चंगेरा के निरीक्षण के दौरान सचिव श्री वरवड़े ने मंडी के सुव्यवस्थित विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश मंडी सचिव को दिए। उन्होंने कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में मंडी के विकास की योजना तैयार करने पर जोर देते हुए कहा कि नीमच मंडी को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श मंडी एवं कृषि व्यापार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने मंडी की बेहतर कनेक्टिविटी, प्रवेश एवं निकास मार्ग, आधारभूत संरचना, भंडारण एवं अन्य सुविधाओं के विकास के लिए वास्तुविद के माध्यम से समग्र कार्ययोजना तैयार कराने के निर्देश दिए। साथ ही मंडी में उपलब्ध स्थान और आसपास की भूमि की संभावनाओं को देखते हुए विस्तार की योजना बनाने तथा आवश्यकता के अनुसार भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। सचिव श्री वरवड़े ने मंडी में ही कृषि उपज की छंटाई, श्रेणीकरण एवं प्रसंस्करण की सुविधाएं विकसित करने, आधुनिक शेड बढ़ाने तथा फसल जांच के लिए प्रयोगशाला स्थापित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने फाइटोसैनिटरी प्रयोगशाला की स्थापना पर भी चर्चा की, जिससे कृषि उत्पादों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच की जा सके। ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग एवं समयबद्ध भुगतान व्यवस्था विकसित करने पर जोर अधिकारियों ने मंडी में किसानों की सुविधा एवं भीड़ का दबाव कम करने के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। इससे किसान अपनी उपज मंडी में लाने के लिए पहले से समय निर्धारित कर सकेंगे तथा उपज की आवक एवं बिक्री का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा।उन्होंने मंडी में इलेक्ट्रॉनिक भुगतान प्रणाली, बैंक हस्तांतरण एवं अन्य डिजिटल सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया, ताकि किसानों को उपज विक्रय के बाद समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही किसान द्वार मोबाइल ऐप, इंटरनेट आधारित निगरानी एवं स्वचालित व्यवस्थाओं को लागू करने की संभावनाओं पर भी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। मंडी में किसानों के लिए अलग से जैविक एवं प्राकृतिक कृषि उत्पादों की बिक्री हेतु विशेष शेड विकसित करने पर भी चर्चा की गई, जिससे जैविक खेती करने वाले किसानों को अपनी उपज के विक्रय के लिए अलग सुविधा मिल सके। किसानों एवं व्यापारियों के साथ बैठक कर लिए सुझाव कृषि उपज मंडी परिसर स्थित सभाकक्ष में सचिव श्री निशांत वरवड़े की अध्यक्षता में किसानों एवं व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडी की वर्तमान व्यवस्थाओं, उपज की आवक, नीलामी, भुगतान, जांच सुविधाओं तथा आधारभूत संरचना के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई। किसानों ने मंडी परिसर में ही विभिन्न फसलों की गुणवत्ता एवं अन्य आवश्यक जांच के लिए प्रयोगशाला स्थापित करने की मांग रखी। उन्होंने किसानों एवं व्यापारियों दोनों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने के सुझाव दिए। सचिव श्री वरवड़े ने मंडी सचिव को विभिन्न कृषि जिंसों के व्यापारियों एवं किसानों से चर्चा कर आवश्यक सुझाव प्राप्त करने तथा देश की अन्य आधुनिक मंडियों की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर नीमच मंडी के विकास की समग्र योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडी परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, विश्राम एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी बेहतर बनाने पर जोर दिया। प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले किसानों के प्रमाणीकरण के लिए शिविर लगाने के निर्देश बैठक में सचिव श्री वरवड़े ने जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती कर रहे किसानों को प्रोत्साहित करने तथा उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जैविक प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने उप संचालक कृषि को कलेक्टर के मार्गदर्शन में संबंधित किसानों के लिए प्रमाणीकरण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। प्रगतिशील किसानों से चर्चा कर जानी आधुनिक खेती एवं प्रसंस्करण की जानकारी निरीक्षण एवं बैठक के उपरांत सचिव श्री निशांत वरवड़े एवं मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री राघवेंद्र सिंह ने जिले के तीन प्रगतिशील किसानों से भी मुलाकात की। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल उत्पादन, कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, कृषि कार्यों में मशीनों के उपयोग एवं नवाचारों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने किसानों के अनुभव एवं सुझाव भी जाने। इस दौरान कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा,जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, उप संचालक कृषि श्री नगीन सिंह रावत,मंडी सचिव श्री उमेश बसेड़िया सहित संभागीय एवं जिला स्तरीय कृषि विभाग तथा मंडी बोर्ड के अधिकारी उपस्थित रहे।

स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

आपको यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें ➦
W f X
शेयर करें ➦
W f X