बैठक में जिले के विकास कार्यों एवं केंद्र-राज्य शासन की योजनाओं की विभागवार समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश नीमच, 12 नवंबर 2026। सांसद श्री सुधीर गुप्ता की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा जिले में संचालित विकास गतिविधियों की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद श्री गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर प्रत्येक पात्र हितग्राही तक उनका लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। विकास कार्यों की नियमित निगरानी एवं स्थल निरीक्षण करें तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की सूची पंचायत भवनों पर प्रदर्शित करें सांसद श्री गुप्ता ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में लाभान्वित एवं प्रतीक्षारत हितग्राहियों की सूची पंचायत भवन की दीवारों पर प्रदर्शित की जाए। प्रत्येक ग्राम पंचायत में हितग्राहियों की स्थायी पंजी संधारित कर उसे आमजन के अवलोकन के लिए उपलब्ध कराया जाए, ताकि योजना की जानकारी में पारदर्शिता बनी रहे और पात्र हितग्राहियों को अपनी स्थिति की जानकारी मिल सके। नगरीय क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें सांसद ने जिले के सभी नगरीय निकायों में शासकीय योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग एवं प्रचार सामग्री लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमृत योजना, सीवरेज परियोजना, स्वच्छ भारत मिशन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों को उपलब्ध कराई जाए। · सभी नगरीय निकाय आगामी 10 दिनों में प्रचार-प्रसार के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित कर कार्ययोजना प्रस्तुत करें। · बैंक एवं नगर पालिका आपसी समन्वय से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाएं। · योजनाओं के प्रचार-प्रसार में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध विभिन्न माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए। विकास कार्यों का जनप्रतिनिधियों के साथ स्थल निरीक्षण करें मनासा सीवरेज परियोजना सहित विभिन्न नगरीय विकास कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए सांसद श्री गुप्ता ने निर्देश दिए कि विकास कार्यों का सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ स्थल निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण से पूर्व संबंधित अधिकारी पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परियोजनाओं की प्रगति, तकनीकी स्थिति एवं अब तक हुए व्यय की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करें। उन्होंने परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आम नागरिकों के सुझाव प्राप्त करने पर भी जोर दिया। सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और संधारण पर विशेष ध्यान दें बैठक में सड़क एवं सेतु निगम के अंतर्गत बघाना, हिंगोरिया, देवरी -खवासा में निर्माणाधीन पुलों की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित सड़कों की स्थिति, मरम्मत एवं संधारण कार्यों की जानकारी लेते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों की समय पर मरम्मत और नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार मध्यप्रदेश सड़क विकास के अंतर्गत भाटखेड़ा-डुंगलावदा, नीमच-सिंगोली एवं नीमच-झालावाड़ मार्ग के निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। पारदर्शिता हेतु पूर्ण विकास कार्यों के स्थलों पर शिलालेख एवं फोटो लगाएं सांसद श्री गुप्ता ने निर्देश दिए कि वर्ष 2014 से अब तक विभिन्न विभागों द्वारा पूर्ण कराए गए निर्माण एवं विकास कार्यों के स्थलों पर संबंधित कार्यों की जानकारी दर्शाने वाले शिलालेख एवं फोटो लगाए जाएं। इससे आम नागरिकों को शासन द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जानकारी मिल सकेगी तथा विकास कार्यों के प्रति जनजागरूकता एवं पारदर्शिता भी बढ़ेगी। शहरों में नगर वन विकसित कर बढ़ाएं हरित क्षेत्र वन विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने नगरीय क्षेत्रों में नगर वन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरों में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से पौधारोपण किया जाए तथा उपलब्ध स्थानों पर वन क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाए। सड़क सुरक्षा के लिए भारी वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगवाएं परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने आरटीओ अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोडिंग करने वाले ट्रैक्टर, डंपर सहित अन्य भारी वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगवाए जाएं। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक में आबकारी विभाग की मदिरा खरीदी एवं बिक्री व्यवस्था के संबंध में चर्चा की गई। इसके अलावा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, पशुपालन, खनिज, खेल एवं युवा कल्याण, स्वास्थ्य, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा तथा हाउसिंग बोर्ड सहित विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड वितरण की प्रगति की जानकारी ली गई। सांसद ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। सांसद श्री गुप्ता ने कहा कि विकास कार्यों की सफलता केवल निर्माण कार्य पूर्ण होने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी गुणवत्ता, उपयोगिता और आमजन को मिलने वाले लाभ से सुनिश्चित होती है। इसलिए सभी अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग करें, मैदानी स्तर पर सत्यापन करें तथा योजनाओं एवं विकास कार्यों के क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित करें। बैठक में जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा, मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री शारदाबाई धनगर, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास,जिला वनमण्डलाधिकारी श्री एस.के.अटोदे,जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धारवे, सुश्री श्रुति भयड़िया,श्रीमती वंदना खंडेलवाल, नीमच विधायक प्रतिनिधि श्री निलेश पाटीदार, श्री महेंद्र भटनागर, श्री रतन मलावत, श्री आदित्य मालू, श्री हेमंत हरित, श्री कन्हैयालाल चरण सहित दिशा समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

