नीमच,01 नवंबर 2026। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत, नीमच द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर ब्लॉक स्तरीय पड़ोस युवा संसद का आयोजन किया गया। पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 2 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा जारी ‘नशामुक्ति गान’ का प्रसारण भी किया गया।कार्यक्रम के दौरान युवाओं को मेरा युवा भारत पोर्टल की विशेषताओं, उपलब्ध अवसरों एवं युवा सहभागिता के संबंध में जानकारी दी गई। इसके पश्चात ‘युवाओं के समक्ष मादक द्रव्यों के सेवन की चुनौतियां’ तथा ‘जागरूकता से कार्रवाई तक’ विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए।युवाओं ने कार्यक्रम में रचनात्मक सहभागिता करते हुए स्वरचित प्रेरक नारे लिखकर स्लोगन बॉक्स में डाले। वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने के लिए युवा पीढ़ी का स्वस्थ, जागरूक और व्यसनमुक्त होना आवश्यक है। युवा उद्यमी श्री रजत छाजेड़ एवं अन्य अतिथियों ने युवाओं को नवाचार, खेल और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं स्वयंसेवकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री अरविंद कुमार शर्मा, पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस एवं लीड कॉलेज नीमच के डॉ. संजय जोशी, अंतरराष्ट्रीय रेफरी एवं खेल और युवा कल्याण विभाग की प्रतिनिधि सुश्री मीनाक्षी सिसोदिया, पीजीटी शिक्षक श्री ललित कुमार, युवा उद्यमी श्री रजत छाजेड़ तथा सांसद प्रतिनिधि श्री मनीष शर्मा उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संयोजन एवं आयोजन मेरा युवा भारत, नीमच के जिला युवा अधिकारी श्री प्रवेश जैन द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं, विद्यालय एवं महाविद्यालय प्रतिनिधियों तथा युवा प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

