युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत के अंतर्गत ‘विकसित भारत युवा संवाद : अपना वोट जानें’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को चुनावी प्रक्रिया, मताधिकार के महत्व तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर परिषद नीमच की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा ने युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की मजबूत नींव है। आईआईटी बीएचयू के पूर्व छात्र एवं युवा उद्यमी श्री रजत छाजेड़ ने युवाओं को नवाचार, उद्यमशीलता और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी सुश्री मीनाक्षी सिसौदिया ने अपने खेल जीवन के अनुभव युवाओं के साथ साझा किए। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि श्री मनीष शर्मा, उत्कर्ष स्कूल के प्राचार्य श्री अरविंद कुमार शर्मा तथा पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पीजी कॉलेज, नीमच के डॉ. संजय जोशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 201 विद्यार्थियों एवं युवाओं ने सहभागिता की। समापन अवसर पर जिला युवा अधिकारी श्री प्रवेश जैन ने आभार व्यक्त किया। उपस्थित युवाओं ने संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा सक्रिय मतदान का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

