जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रदेशवासियों को दी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं, विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागिता का किया आह्वान मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर नीमच जिले में रविवार को टाउन हॉल में भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश की गौरवशाली विरासत, विकास यात्रा और सांस्कृतिक विविधता का उत्सव देखने को मिला। जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्तिपूर्ण गीतों एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मध्यप्रदेश की समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को जीवंत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने सराहा। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत एवं मध्य प्रदेश गान के गायन तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के गायन के साथ हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने प्रदेशवासियों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने पिछले दो दशकों में विकास की लंबी यात्रा तय की है। विकास केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह आमजन की आकांक्षाओं, सामूहिक संकल्प और समर्पित प्रयासों का परिणाम होता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003-04 में मध्यप्रदेश का बजट लगभग 22 हजार करोड़ रुपये था, जो आज बढ़कर लगभग 4 लाख 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। यह प्रदेश की बढ़ती आर्थिक क्षमता और विकास की गति को दर्शाता है। एक समय प्रदेश बिजली संकट, खराब सड़कों और सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन निरंतर प्रयासों से इन क्षेत्रों में व्यापक सुधार हुआ है। फीडर पृथक्करण की व्यवस्था से ग्रामीण एवं घरेलू बिजली आपूर्ति में सुधार हुआ है और आज मध्यप्रदेश बिजली उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल है। सांसद श्री गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। नीमच जिले में प्रस्तावित लगभग 65 हजार करोड़ रुपये की परमाणु ऊर्जा परियोजना क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि गांधीसागर क्षेत्र में ऊर्जा उत्पादन की संभावनाएं, पर्यटन विकास और जिले में चीता परियोजना से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। प्रदेश में सीमेंट, कपड़ा और कृषि आधारित उद्योगों सहित विभिन्न क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्वर्णिम मध्यप्रदेश का निर्माण केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने जिले के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका के लिए कलेक्टर एवं जिला प्रशासन की सराहना भी की। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से सशक्त बनेगा मध्यप्रदेश – विधायक श्री सखलेचा जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि मध्यप्रदेश विविधताओं, समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण प्रदेश है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने शासकीय विद्यालयों में आईएसओ प्रमाणन की पहल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में भी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। उन्होंने युवाओं को आधुनिक ज्ञान एवं तकनीक से जोड़ने, स्वास्थ्य परीक्षण तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। सड़क, बिजली, सिंचाई और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश ने हासिल की नई उपलब्धियां – विधायक श्री परिहार नीमच विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार ने कहा कि एक नवंबर 1956 को गठित मध्यप्रदेश ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2003 के बाद प्रदेश में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और सिंचाई सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। नीमच में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, नर्सिंग कॉलेज का निर्माण तथा गांधीसागर का पानी गांवों तक पहुंचाने के प्रयास महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। नीमच-जावद सिंचाई परियोजना से क्षेत्र के किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से प्रदेश की प्रगति में सक्रिय सहभागी बनने का आह्वान किया। सांस्कृतिक विविधता और गौरवशाली विरासत मध्यप्रदेश की विशिष्ट पहचान – विधायक श्री मारू मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध मारू ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का हृदय प्रदेश है। मालवा, निमाड़, बघेलखंड और महाकौशल की विविध संस्कृतियां इसकी विशिष्ट पहचान हैं। भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण , बाबा महाकाल, संत रविदास तथा रानी दुर्गावती और अहिल्याबाई होलकर जैसी महान विभूतियों की विरासत प्रदेश का गौरव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश चहुंमुखी विकास की ओर अग्रसर है। प्रत्येक युवा को रोजगार, प्रत्येक बच्चे को शिक्षा और प्रत्येक नागरिक को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं एवं मेधावी विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के वीर भारत न्यास एवं संस्कृति विभाग द्वारा कृषि लोकोत्सव-2026 के अंतर्गत 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक आयोजित किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता के जिला स्तरीय विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्री युगल गरासिया को ट्रैक्टर क्रय हेतु 7 लाख 26 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले श्री भुवर सिंह तोमर को बुलेट क्रय हेतु 1 लाख 68 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले श्री चंद्रप्रकाश धनगर को इलेक्ट्रिक स्कूटी क्रय हेतु 1 लाख 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थी श्री आदित्यराज सिंह एवं सुश्री जया को एक-एक लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय हुए सम्मानित समारोह में आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, नीमच ने प्रथम, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच ने द्वितीय तथा संदीपनी विद्यालय, नीमच ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यालयों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त विद्यालय को विधायक नीमच श्री दिलीपसिंह परिहार द्वारा 11 हजार रुपये तथा द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यालयों को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ समारोह का शुभारंभ समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया ने अतिथियों का स्वागत किया। विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी का किया अवलोकन स्थापना दिवस समारोह स्थल पर महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, उद्योग सहित विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं, विकास गतिविधियों एवं उत्पादों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनियां लगाई गईं। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मंजुला धीर ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, श्रीमती वंदना खंडेलवाल, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन,एसडीएम जावद श्री संजीव साहू , डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भयड़िया, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धारवे सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। समारोह में स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन, लोकतंत्र सेनानी, पत्रकारगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं जिले के नागरिक भी शामिल हुए।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

