स्कूलों के 200 मीटर के दायरे में तंबाकू एवं नशीले पदार्थ बेचने वाली दुकानों पर होगी सख्त कार्रवाई कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय समिति (एनकार्ड) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री की रोकथाम के लिए की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि अवैध अफीम एवं डोडाचूरा की तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त माफियाओं के विरुद्ध पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम एवं सफेमा के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों से संबंधित अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की जानकारी जुटाने के लिए निदान पोर्टल, नेटग्रिड तथा मानस पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। साथ ही, स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों एवं उनमें की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया। कलेक्टर श्री चंद्रा ने जिले के सभी विद्यालयों के 200 मीटर के दायरे में पान, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाली दुकानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने तीनों अनुविभागीय अधिकारियों को संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर ऐसे दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों, एसडीओपी,तहसीलदारों एवं थाना प्रभारियों को संयुक्त टीम बनाकर मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं वितरण में संलिप्त विक्रेताओं तथा अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से सतत निगरानी रखें तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बी एस कलेश,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन सहित समिति के समस्त सदस्य उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

