नीमच, 29 अक्टूबर 2026। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), नीमच द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के अंतर्गत डेयरी फार्मिंग एवं कृषि, मशरूम की खेती, जूट उत्पाद निर्माण तथा प्लंबिंग एवं सैनिटरी वर्क्स का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।प्रशिक्षण कार्यक्रमों में नीमच जिले के ग्रामीण अंचलों के 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां भाग ले सकेंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संबंधित कार्यों का व्यावहारिक एवं तकनीकी ज्ञान प्रदान किया जाएगा। साथ ही, बैंक ऋण, स्वरोजगार योजनाओं तथा ऋण आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।प्रशिक्षण कार्यक्रमों की तिथियां एवं अवधि- डेयरी फार्मिंग एवं कृषि उद्यमी प्रशिक्षण: 31 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होगा। प्रशिक्षण की अवधि 10 दिवस रहेगी।- जूट उत्पाद निर्माण प्रशिक्षण: 2 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगा। प्रशिक्षण की अवधि 14 दिवस रहेगी।- मशरूम की खेती प्रशिक्षण: 11 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगा। प्रशिक्षण की अवधि 10 दिवस रहेगी।- प्लंबिंग एवं सैनिटरी वर्क्स प्रशिक्षण: 13 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगा। प्रशिक्षण की अवधि 30 दिवस रहेगी।प्रशिक्षण के दौरान आवास एवं भोजन की निःशुल्क व्यवस्थाप्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रशिक्षण अवधि के दौरान आवास, भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी। डेयरी फार्मिंग एवं कृषि उद्यमी प्रशिक्षण के दौरान पशु चिकित्सा, कृषि, बागवानी सहित संबंधित विभागों के अनुभवी वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। वहीं, अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों में संबंधित कार्यों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ ऋण प्रपत्र भरने तथा बैंकिंग संबंधी समस्याओं के समाधान में भी सहायता की जाएगी।आवेदन एवं संपर्क की प्रक्रियाइच्छुक अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, हवाई पट्टी के सामने, विश्राम भवन के पास, चीताखेड़ा मेन रोड, नीमच में आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राशन कार्ड एवं अंकसूची की छायाप्रति प्रस्तुत करना आवश्यक है। डेयरी फार्मिंग एवं कृषि उद्यमी प्रशिक्षण के लिए 4 पासपोर्ट साइज फोटो तथा अन्य तीन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए 3 पासपोर्ट साइज फोटो मांगे गए हैं। सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राशन कार्ड एवं अंकसूची की छायाप्रति तीन सेट में प्रस्तुत करनी होगी।प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए प्रातः 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मोबाइल नंबर 9111053516, 9074201015 एवं 9009684125 पर संपर्क कर सकते हैं। प्लंबिंग एवं सैनिटरी वर्क्स प्रशिक्षण के संबंध में 9479441178 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

