कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राज्य स्तर पर संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत आबकारी विभाग नीमच के दल ने मंगलवार अलसुबह वृत्त नीमच पूर्व के ग्राम किशनपुरिया, चढ़ोली, सेदरिया, मानपुरा और जैतपुरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जंगल, झाड़ियों तथा नदी-नालों एवं तालाबों के किनारे संचालित 4 चालू भट्ठियां, 675 किलोग्राम महुआ लाहन और 23 लीटर हाथ भट्ठी मदिरा जब्त की गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कुल कीमत 73,250 रुपये है। अवैध मदिरा निर्माण के संदिग्ध स्थलों पर की गई कार्रवाई के दौरान महुआ लाहन को जमीन में छिपाकर रखा गया था। आबकारी दल ने मौके से अवैध आसवन में उपयोग की जा रही सामग्री जब्त की तथा महुआ लाहन को नियमानुसार नष्ट करने की कार्रवाई की। प्रकरण में दो आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 5 प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं। जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. दांगी के निर्देशन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. सिंगाड़ा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक श्री संजय कुमार कवारे, श्री दीपक आंजना तथा आबकारी आरक्षक श्री विष्णु यादव, श्री विलास डगिया, श्री बलवंत भाटी, सुश्री निशा राजपूत एवं सुश्री मधुमिता मालवीय शामिल रहे। जिला आबकारी अधिकारी श्री दांगी ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए विभाग द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी पूरे जिले में जारी रहेगी।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

