राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के अंतर्गत माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में ग्राम बर्डिया, तहसील मनासा में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणजनों को स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक जांचों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में जनरल फिजिशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं नेत्र चिकित्सक ने ग्रामीणजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। विभिन्न बीमारियों की पहचान एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के आकलन के लिए सीबीसी (CBC), लिपिड प्रोफाइल, किडनी फंक्शन टेस्ट (RFT) तथा लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT) सहित विभिन्न रक्त जांचों के लिए नमूने भी एकत्रित किए गए। चिकित्सकीय एवं विधिक सेवा से जुड़े अधिकारी रहे उपस्थित शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी, नीमच श्री प्रवीण कुमार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. खद्योत, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीक्षा यादव, बीएमओ डॉ. प्रमोद पाटीदार तथा चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्जुन श्रीवास्तव एवं डॉ. मनीषा पाल ने सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर पैरालीगल वॉलंटियर श्री कमलाशंकर विश्वकर्मा एवं श्री भरतराम पाटीदार, ग्राम पंचायत सचिव श्री बंशीदास बैरागी तथा सरपंच प्रतिनिधि श्री कमल डाबर सहित चिकित्सकीय स्टाफ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के अंतर्गत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना, जरूरतमंद व्यक्तियों को चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से आमजन को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ सुलभ कराने का प्रयास किया जा रहा है।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

