दीपावली पर्व पर पटाखों के क्रय-विक्रय के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी करने हेतु ऑनलाइन आवेदन 15 से 22 अक्टूबर 2026 तक किए जा सकेंगे। इस संबंध में अनुविभागीय दंडाधिकारी, उपखंड नीमच द्वारा संशोधित विज्ञप्ति जारी की गई है। पात्र आवेदकों को 2 नवंबर से 11 नवंबर 2026 तक की अवधि के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी किए जाएंगे। पटाखों की अस्थायी दुकानें नीमच में स्वामी विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) के ग्राउंड, जीरन में दशहरा मैदान तथा ग्राम चीताखेड़ा में बस स्टैंड के पास स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड पर लगाई जाएंगी। अस्थायी लाइसेंस के लिए आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो एवं आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। वर्ष 2025 में अस्थायी पटाखा लाइसेंस प्राप्त कर चुके व्यक्ति भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकेंगे। लाइसेंस नगर पुलिस अधीक्षक के चरित्र सत्यापन एवं टीप के आधार पर जारी किए जाएंगे। लाइसेंसधारियों को निर्धारित स्थान पर ही दुकान संचालित करना अनिवार्य होगा। प्रत्येक दुकान पर रेत, पानी एवं अग्निशमन यंत्रों की पर्याप्त व्यवस्था करनी होगी। दुकान के बाहर लाइसेंसधारी का नाम, पिता/पति का नाम, मोबाइल नंबर एवं लाइसेंस प्रदर्शित करना अनिवार्य रहेगा। साथ ही, लाइसेंसधारी को दुकान पर उपस्थित रहना होगा। लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने के साथ संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा सकेगी।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

