Ad Ad
Ad Ad

145 करोड़ रुपये की करीब 4 लाख वर्गफीट भूमि अतिक्रमण मुक्त, नगर पालिका ने लिया आधिपत्य

रिपोर्टर: mawafirstnews@gmail.com
📅 03 Oct 2026, 02:05 PM
शेयर करें ➦
W f X
145 करोड़ रुपये की करीब 4 लाख वर्गफीट भूमि अतिक्रमण मुक्त, नगर पालिका ने लिया आधिपत्य

नीमच, 3 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में नगर पालिका नीमच,राजस्व अमले एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्यवाही में शनिवार को अंबेडकर रोड स्थित करीब 4 लाख वर्गफीट भूमि को अतिक्रमण एवं अनधिकृत निर्माण से मुक्त कर नगर पालिका के आधिपत्य में लिया गया। शासन की गाइडलाइन के अनुसार भूमि का अनुमानित मूल्य करीब 145 करोड़ रुपये है। उक्त भूमि का आवंटन छात्रावास के प्रयोजन के लिए किया गया था।मौके पर संबंधित समिति द्वारा आवंटन के उद्देश्य के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां किए जाने तथा छात्रावास की स्थिति अत्यंत जर्जर पाए जाने के संबंध में नगर पालिका द्वारा कार्रवाई की गई। इस संबंध में नगर पालिका द्वारा जारी सूचना पत्र के विरुद्ध कालिदास शिक्षण समिति ने सिविल जज, नीमच के न्यायालय में वाद क्रमांक 149/2020 प्रस्तुत किया था। प्रकरण में स्थगन आवेदन पर न्यायालय द्वारा समिति के पक्ष में स्थगन आदेश पारित किया गया था। इसके विरुद्ध नगर पालिका नीमच द्वारा जिला न्यायालय में अपील क्रमांक 25/2025 प्रस्तुत की गई। जिला न्यायालय ने 24 सितंबर 2026 को अपील स्वीकार करते हुए नगर पालिका के पक्ष में आदेश पारित किया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नगर पालिका ने मौके पर स्थित अनधिकृत निर्माण एवं अन्य संरचनाओं को हटाने के लिए 28 सितंबर 2026 को सूचना पत्र जारी किया था। निर्धारित अवधि में संरचनाएं नहीं हटाए जाने पर 3 अक्टूबर को नगर पालिका द्वारा कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान भूमि के पीछे की ओर अन्य व्यक्तियों द्वारा किए गए अतिक्रमण एवं निर्मित झोपड़ियों को भी हटाया गया। संबंधित पक्षों ने कार्रवाई में सहयोग किया। इसके अतिरिक्त अंबेडकर रोड की ओर निर्माणाधीन दुकानों के संबंध में मौके पर न्यायालयीन आदेश में वर्णित भूमि से बाहर किए गए अतिरिक्त निर्माण पाए जाने पर उन्हें भी हटाया गया। कार्रवाई पूर्ण होने के बाद संपूर्ण भूमि का आधिपत्य नगर पालिका द्वारा प्राप्त कर लिया गया तथा स्वामित्व संबंधी बोर्ड स्थापित किया गया। कार्रवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री बी.एस.कलेश, एस डी एम श्री पराग जैन ,डिप्टी कलेक्टर एवं परियोजना अधिकारी श्री चंद्र सिंह धार्वे,तहसीलदार श्री संजय मालवीय,श्री मृगेंद्र सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया,थाना प्रभारी आर एस डांगी एवं सौरभ शर्मा सहित राजस्व, नगर पालिका एवं पुलिस विभाग का अमला मौजूद रहा। करीब 4 लाख वर्गफीट भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर नगर पालिका के आधिपत्य में लिया जाना शहर में सार्वजनिक भूमि के संरक्षण एवं अनधिकृत निर्माण के विरुद्ध की गई महत्वपूर्ण एवं बड़ी कार्रवाई है।

स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

आपको यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें ➦
W f X
शेयर करें ➦
W f X