Ad Ad
Ad Ad

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जीरन में सातवां शिविर संपन्न

रिपोर्टर: mawafirstnews@gmail.com
📅 03 Oct 2026, 12:55 PM
शेयर करें ➦
W f X
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जीरन में सातवां शिविर संपन्न

योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता—कलेक्टर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को जीरन में सेवा सेतू अभियान- सरकार आपके द्वारा अंतर्गत मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत सातवां समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर सामुदायिक एवं व्यक्तिगत समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक नीमच श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन-प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र हितग्राही जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने जीरन में निर्मित हो रहे संदीपनी विद्यालय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को शीघ्र लाभ मिलेगा। श्री परिहार ने कहा कि जीरन क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार सहित विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। पात्र हितग्राहियों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत, लाड़ली बहना , प्रधानमंत्री आवास, जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने किसानों को खेती के साथ पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन से जोड़ने तथा युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही जीरन को प्लास्टिक मुक्त बनाने में नागरिकों से जनभागीदारी का आह्वान किया। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। शिविर में प्राप्त आवेदनों का यथाशीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। ग्रामीणों ने रखीं विभिन्न समस्याएं शिविर में ग्रामीणों ने सीमांकन, सीमा विवाद, पेंशन, फसल बीमा, आंगनवाड़ी, विद्यालय, सड़क सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विधायक एवं कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा नियमानुसार त्वरित निराकरण करने की बात कही। विभागों द्वारा लगाई गई आकर्षक प्रदर्शनी शिविर में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग , स्कूल शिक्षा विभाग तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विद्यार्थियों एवं हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ शिविर में एसएएम से पीड़ित बच्चों की माताओं को पोषण संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 6 न्यूट्री बास्केट वितरित किए गए। पात्र विद्यार्थियों में से 7 विद्यार्थियों को लैपटॉप एवं स्कूटी तथा खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 2 बालिकाओं को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। उच्च शिक्षा विभाग की छात्रवृत्ति 22 विद्यार्थियों को, संबल योजना का लाभ 3 हितग्राहियों को, राष्ट्रीय पेंशन योजना का लाभ 4 हितग्राहियों को तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ 9 हितग्राहियों को दिया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। शिविर के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव,वनमण्डलाधिकारी श्री एस.के. अटोदे,नगर परिषद अध्यक्ष श्री रामकरण सकवारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

आपको यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें ➦
W f X
शेयर करें ➦
W f X