जिले में 25 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों को विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा मौके पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख विसर्जन स्थलों पर प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए आवश्यकतानुसार क्रेन एवं जेसीबी की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही रात के समय विसर्जन के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं बिजली बैकअप सुनिश्चित किया जा रहा है। जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल निकायों के आसपास बैरिकेटिंग की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही रखा जा सके। आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों एवं होमगार्ड की टीमों को नावों के साथ तैनात किया जा रहा है। बड़े विसर्जन स्थलों पर चिकित्सा दल एवं एंबुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी। अधिकारियों को मौके पर रहकर निगरानी के निर्देश कलेक्टर श्री चंद्रा ने निर्देश दिए हैं कि शुक्रवार, 25 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन व्यवस्था से जुड़े कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, सीएमओ, नगरपालिका की टीम, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं उनकी टीम, एमपीईबी, पीडब्ल्यूडी, होमगार्ड, सीएमएचओ तथा आरईएस के अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए उपलब्ध रहेंगे। संबंधित अधिकारी स्वयं विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करेंगे और आवश्यकतानुसार तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि गणेश प्रतिमा विसर्जन की मर्यादा एवं गरिमा का विशेष ध्यान रखते हुए सुरक्षा संबंधी सभी प्रबंधों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे विसर्जन के दौरान निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, जल निकायों के प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाएं तथा प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें, ताकि जिले में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)


