सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा पर्यटन की संभावनाओं का पूर्ण दोहन करने के उद्देश्य से जिला टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। कॉन्क्लेव का आयोजन 28 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे जिला पंचायत सभागार, नीमच में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में होगा। कॉन्क्लेव में विभिन्न शासकीय विभागों, स्वयंसेवी संगठनों, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों एवं अन्य संबंधित प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर जिले के पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। बैठक में पर्यटन स्थलों के विकास, प्रचार-प्रसार तथा जिले की पर्यटन पहचान को और मजबूत करने के लिए आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा। ये रहेंगे प्रमुख एजेंडे बैठक में जिला पर्यटन मास्टर प्लान तैयार करने, जिले के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के लिए पेम्पलेट तैयार करने, पर्यटन के प्रचार-प्रसार से संबंधित विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही जिले में स्थित 100 वर्ष से अधिक पुराने ऐतिहासिक विरासत भवनों एवं स्थलों का सर्वेक्षण एवं सूचीकरण किए जाने के संबंध में भी विचार-विमर्श होगा। बैठक में डीएटीसीसी अध्यक्ष की सहमति से अन्य विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। कॉन्क्लेव में संबंधित अधिकारियों एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के लिए निर्देशित किया गया है।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)


