Ad Ad
Ad Ad

25 वर्ष की जनसेवा यात्रा जनता के विश्वास, आशीर्वाद और सहयोग का परिणाम : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी

रिपोर्टर: mawafirstnews@gmail.com
📅 07 Oct 2026, 11:52 AM
शेयर करें ➦
W f X
25 वर्ष की जनसेवा यात्रा जनता के विश्वास, आशीर्वाद और सहयोग का परिणाम : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी

जिला मुख्यालय से तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुई सेवा ज्योति यात्रा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का जिला स्तरीय कार्यक्रम बुधवार को टाउन हॉल नीमच में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों से जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पदाधिकारी, युवा, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित जनों को नीमच जिले की विकास पुस्तिका भी वितरित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक राष्ट्रगीत के साथ हुआ। अतिथियों ने मशाल प्रज्ज्वलित एवं कलश स्थापना कर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रसारित संबोधन का सीधा प्रसारण देखा और सुना। 25 वर्षों की जनसेवा जनता के विश्वास और सहयोग का परिणाम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में प्रारंभ हुई उनकी जनसेवा यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होना देशवासियों के निरंतर विश्वास, आशीर्वाद और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने लोकतंत्र एवं संविधान को नमन करते हुए देशवासियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जनता-जनार्दन उनके लिए ईश्वर का स्वरूप है और करोड़ों देशवासियों का विश्वास तथा लाखों कार्यकर्ताओं का परिश्रम उनकी सबसे बड़ी शक्ति रहा है। 25 वर्षों की यात्रा में भूकंप, चंद्रयान अभियान और कोरोना महामारी जैसी परिस्थितियों से धैर्य, सेवा, सामूहिक शक्ति और दायित्वबोध की सीख मिली। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने आर्थिक क्षेत्र, मोबाइल निर्माण, सौर ऊर्जा, कृषि, तकनीक, नवाचार और निर्यात सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। ‘सबका साथ, सबका विकास’ सुशासन का आधार है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। 2047 तक विकसित भारत का निर्माण देश का सामूहिक संकल्प प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण, आत्मनिर्भर भारत, भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था तथा स्वस्थ एवं सशक्त राष्ट्र का निर्माण देश का सामूहिक संकल्प होना चाहिए। उन्होंने शिक्षा, पर्यटन, नवाचार, अनुसंधान, प्रौद्योगिकी और विनिर्माण सहित प्रत्येक क्षेत्र में भारत को आगे ले जाने पर बल दिया। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को नवाचार, स्टार्टअप, खेल, अनुसंधान एवं राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान करते हुए ‘राष्ट्र प्रथम’ को जीवन का संकल्प बनाने और अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करने की अपील की। सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने दिलाया विकसित भारत का संकल्प सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने कहा कि भारत अपने लक्ष्यों को साधते हुए आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी से इस संकल्प को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को उन्होंने विकसित भारत के संकल्प की शपथ दिलाई। तीनों विधायकों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को दी बधाई कार्यक्रम में जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा , नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार एवं मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध मारू ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। तीनों विधायकों ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी पहलों और सेवा की भावना को रेखांकित किया तथा विकसित भारत के संकल्प में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने सेवा, सुशासन, तकनीक, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख किया। नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने जिले में अधोसंरचना विकास का उल्लेख करते हुए बताया कि दुगलवदा-भाटखेड़ा मार्ग पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम से चौराहा तथा विकसित भारत संकल्प एवं सेवा भावना को समर्पित एक अन्य चौराहा विकसित किए जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि गांधी सागर का पानी नीमच जिले में आने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध मारू ने स्वच्छता , जनधन खाते, गैस कनेक्शन, बिजली, नल से जल, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण तथा महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से प्रारंभ सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाया जा रहा है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुई सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम के पश्चात टाउन हॉल से सेवा ज्योति यात्रा को जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। यात्रा के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जिले के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चौपड़ा, श्रीमती वंदना खंडेलवाल, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अनुविभागीय अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, पदाधिकारी, पत्रकारगण, युवा एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

आपको यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें ➦
W f X
शेयर करें ➦
W f X