मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 21 नवंबर 2026 को नगर परिषद डीकेन में जन-समस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में नगर परिषद डीकेन सहित ग्राम पंचायत मोरवन, निलिया, कुंडला, दड़ौली, मांडा, जनकपुर, रूपपुरा, मैलानखेड़ा, बावलनाई, बसेड़ीभाटी, समेल एवं आंकली के नागरिक अपनी समस्याओं, शिकायतों तथा शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। शिविर में जिला एवं विकासखंड स्तर के संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे तथा प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। साथ ही विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने एवं शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की कार्यवाही भी की जाएगी। जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु आवेदन प्रस्तुत करें।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

