नववर्ष से पहले सेवा की मिसाल: श्याम गोपाल भजन मंडल ने वृद्धजनों और प्रसूताओं को बांटे शॉल

नीमच। नववर्ष की पूर्व संध्या पर सेवा और संवेदना का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए श्याम गोपाल भजन मंडल, नीमच द्वारा 31 दिसंबर को मानवीय सरोकारों से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंडल के सदस्यों ने रेडक्रॉस वृद्धाआश्रम में निवासरत वृद्धजनों तथा शासकीय अस्पताल में उपचाररत प्रसूताओं को शॉल वितरित कर सर्दी से राहत प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान भजन मंडल के सदस्यों ने वृद्धजनों का हालचाल जाना, उनसे आत्मीय संवाद किया और नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। वहीं शासकीय अस्पताल में प्रसूताओं को शॉल भेंट कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। इस सेवा कार्य से वृद्धजनों और माताओं के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली।
श्याम गोपाल भजन मंडल की ओर से बताया गया कि संस्था द्वारा समय-समय पर सामाजिक और सेवा कार्य किए जाते हैं, जिससे जरूरतमंदों को सहयोग मिल सके। मंडल का उद्देश्य केवल भजन-कीर्तन तक सीमित न रहकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना है।
इस अवसर पर प्रख्यात समाजसेवी व मंडल की पदाधिकारी मधुबाला सोनी ने बताया कि बुजुर्गों व प्रसूताओं की सेवा करके अविस्मरणीय अनुभव हुआ। बुजुर्गों की चेहरे की खुशी देखकर मंडल के सभी सदस्यों को बड़ी प्रसन्नता हुई।
इस अवसर पर मंडल की मधुबाला सोनी, रेखा सोनी, कल्याणी सोनी, सुशीला अग्रवाल, सुमन अहीर, कमलेश चौहान, मंजू चौहान, वर्षा पवार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से सेवा कार्य में सहभागिता निभाई और आगे भी ऐसे कार्य निरंतर करते रहने का संकल्प लिया।





